एटा। शहर के प्रमुख बाजार गांधी मार्केट में रविवार की रात चोरों ने एक भवन की छत काट ली। इसमें संचालित तीन दुकानों से हजारों रुपये चोरी कर ले गए। सोमवार सुबह दुकान खोलने पर व्यापारियों को जानकारी हुई। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
शहर के मोहल्ला अरुणा नगर निवासी निखिल साहनी ने बताया कि गांधी मार्केट में उनकी क्रॉकरी की दुकान है। रविवार की शाम दुकान सही तरीके से बंद करके घर गए थे। सुबह दुकान खोली तो देखा कि छत कटी हुई थी और दुकान की तिजोरी से दस हजार रुपये गायब थे। पास में ही साहनी साड़ी सेंटर की दुकान है। उसके मालिक गौरव साहनी ने बताया कि दुकान से चोर 12 हजार रुपये चुरा ले गए हैं। सुबह दुकान खोलने पर चोरी की जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी।
पास में ही अजय कुमार की फोम-फर्नीचर की दुकान है। वहां से चोर 15 हजार रुपये और एक कीपैड मोबाइल चोरी कर ले गए। कोतवाली नगर प्रभारी राजेश चौहान ने बताया कि गांधी मार्केट में एक ही मकान में भूतल पर कपड़े, क्रॉकरी व फोम की दुकान हैं। रविवार की रात चोर छत पर जीने का लिंटर काटकर दुकान में घुसे और दूसरी दुकान में जाने के लिए अंदर लगा हुआ दरवाजा तोड़ा। उसके बाद चोरी की घटना को अंजाम दिया है।
मौके पर सीओ सिटी विक्रांत द्विवेदी पुलिस बल के साथ पहुंचे और बारीकी से घटनास्थल की जांच की। अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि दुकानों के आसपास लगे हुए सीसीटीवी कैमराें के फुटेज देखे जा रहे हैं। फील्ड यूनिट, फॉरेंसिक टीम के साथ ही डॉग स्क्वॉड को भी लगाया गया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
रात में कैमरों की सुरक्षा बंद
सुरक्षा के लिए दिन दिनभर सीसीटीवी कैमरे चालू रखने वाले व्यापारी इन्हें रात में बंद कर देते हैं। इसी तरह की लापरवाही गांधी मार्केट में भी चोरी की घटना के बाद सामने आई। सीओ सिटी विक्रांत द्विवेदी ने बताया कि मार्केट में अधिकांश दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे रात में बंद पाए गए। व्यापारी दुकान बंद करने के दौरान कैमरे भी बंद कर जाते हैं। आसपास के जो भी कैमरे चालू हालत में थे, उनकी फुटेज बारीकी के साथ देखी जा रही है।