अपना विधायक चुनने को हर कोई उत्साहित है। लोगों की प्राथमिकता में स्वच्छ छवि और विकास को समर्पित प्रत्याशी ही है। चौराहे से लेकर चाय-पान की दुकानों तक गुरुवार को दिनभर चुनावी चर्चा ही रही। जहां लोग प्रत्याशियों हार जीत का भी कयास लगाते नजर आए।
गुरुवार को शहर के गांधी मार्केट में एक दुकान पर चुनावी चर्चा चल रही थी। दुकान पर कुछ खरीदने आए कल्लू खान भी इसमें शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि सभी प्रत्याशी विकास की गंगा बहाने का दावा कर रहे हैं। पर, इस बार वादों पर नहीं जाएंगे। स्वच्छ छवि के ही प्रत्याशी को वोट देंगे। तभी अमर बोले बैठे कि विकास को समर्पित दिखने वाले व्यक्ति को ही जनप्रतिनिधि चुना जाना चाहिए। सुदेश कुमार ने कहा कि एक-एक वोट कीमती है। इसका इस्तेमाल खूब सोच-विचार कर होना चाहिए। साफ और ईमानदार छवि के प्रत्याशी को चुनना ही प्राथमिकता है। शंकर लाल का कहना है कि विकास के नाम पर वादे बहुत हो चुके। अब जनता का वक्त है। रामवीर यादव का कहना था कि इस बार जाति नहीं, विकास के आधार पर वोट देंगे। प्रवीन यादव ने कहा कि कोई लहर नहीं और कोई वादे नहीं, लोकतंत्र में उसे चुनेंगे जो क्षेत्र के पिछड़ेपन को दूर करने वाला दिखेगा। इस चुनावी चर्चा में अरमान खान, सलीम खान, पप्पू खान, नीलकमल ने भी अपनी-अपनी बातें रखीं। मुद्दे और प्राथमिकताएं गिनाईं।