जलेसर। नदिया पार क्षेत्र में चोरों ने 35 किसानों के नलकूपों की कॉपर केबलें काटकर पार कर दीं। इससे फसलों की सिंचाई ठप हो गई और किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ। लगातार हो रही चोरियों से किसानों में भारी आक्रोश है।
पीड़ित किसान अतुल कुमार ने बताया कि चोर स्टार्टर से सबमर्सिबल तक जाने वाली कॉपर केबलें काट ले गए। उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह भी 5-6 नलकूपों की केबल चोरी हुई थी और कुछ ही दिनों बाद दोबारा इतनी बड़ी वारदात हो गई। नई केबल खरीदने और लगवाने में किसानों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है, जबकि खेतों की सिंचाई भी प्रभावित हो गई है।
किसान सुरेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस प्रशासन से जल्द खुलासे की मांग करते हुए कहा कि घटना के समय क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल नंबरों की लोकेशन और सीडीआर के आधार पर चोरों तक पहुंचा जा सकता है। किसानों ने रात में कम से कम दो फेज बिजली आपूर्ति करने की भी मांग उठाई, ताकि करंट का डर होने से चोर इस तरह की वारदात करने से बचें। लगातार हो रही केबल चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों और किसानों में रोष व्याप्त है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही चोरी का खुलासा नहीं हुआ तो वे सकरौली थाने का घेराव करेंगे।
सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन छानबीन की जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।