एटा। प्रेम संबंधों में बाधक बन रहे रामसेवक को रास्ते से हटाने के लिए आकाश ने उसे शराब पिलाने के बहाने बुलाया और फिर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव गांव भदुआ के पास जीटी रोड किनारे फेंक दिया गया। घटना के पांच दिन बाद पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी आकाश को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से मृतक का रेडमी मोबाइल भी बरामद हुआ है। मामले में मृतक की पत्नी पहले ही जेल भेजी जा चुकी है। पिलुआ थाना क्षेत्र के गांव भदवास निवासी रामसेवक दिल्ली में रहकर गाड़ी चलाता था।
गांव का ही आकाश भी दिल्ली में काम करता था। इसी दौरान आकाश की रामसेवक की पत्नी सीमा से नजदीकियां बढ़ गईं। इसकी जानकारी होने पर रामसेवक ने विरोध किया तो आकाश ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। दिवाली पर रामसेवक पत्नी के साथ गांव आया था। इसी दौरान आठ नवंबर को वह अचानक लापता हो गया। दो दिन बाद 10 नवंबर को उसका शव गांव भदुआ के पास जीटी रोड किनारे मिला था।
रामसेवक के भाई भूप सिंह ने पत्नी और आकाश पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार प्रेम संबंधों में बाधा बनने पर आकाश ने रामसेवक को शराब पिलाने के बहाने बुलाया और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया।
शुक्रवार को आरोपी आकाश निवासी भदवास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से रामसेवक का मोबाइल भी मिला है।