जिलाधिकारी अजय यादव ने बुधवार को सदर तहसील का औचक निरीक्षण कर खामियों पर अधीनस्थों को निर्देशित किया। सर्किल रेट को जिले की वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
औचक निरीक्षण के दौरान परिसर की स्वच्छता एवं अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए अभिलेखों का रखरखाव सुधारने एवं परिसर की स्वस्च्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विभिन्न शासकीय योजनाओं का प्रचार प्रसार परिसर के बाहर कराने के भी निर्देश दिए। सर्वप्रथम भूलेख कक्ष का निरीक्षण किया। अनावश्यक पड़े सामान पर नाराजगी जताई। राजस्व लिपिक कक्ष में भी भीड़भाड़ देख डीएम सख्त दिखे उन्होंने कहा कि तहसील परिसर के किसी भी कक्ष में अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ न लगने दी जाए। इसके बाद उपजिलाधिकारी कक्ष, नजारत का भी निरीक्षण किया।
चकबंदी कक्ष के निरीक्षण के दौरान लेखपालों से पूछताछ की। इसके अलावा खतौनी काउंटर को भी चैक किया, उन्हाेंने निर्देश दिये कि खतौनी आदि समय से मिलनी चाहिए, किसी को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाये, जो भी समस्याएं हैं उन्हें दूर करें। रजिस्ट्री कक्ष के निरीक्षण के दौरान संबंधित कर्मचारी से पूछताछ की। साथ ही सर्किल रेट को वेबसाइट पर अपलोड़ करने के निर्देश दिए। ताकि आम जनता को इसकी जानकारी हो सके। इस दौरान एसडीएम सुनील कुमार वर्मा, तहसीलदार ठाकुरप्रसाद अन्य कर्मचारी आदि मौजूद थे।