पेट्रोल पंप पर डीजल लेता ट्रक ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। कई पेट्रोल पंप को डीजल मिलना बंद हो चुका है। जिसके चलते उन पर ठप होने का संकट गहरा गया है। पंप स्वामियों के माथे पर चिंता की लकीरें हैं। जिन पेट्रोल पंप को डीजल मिल भी रहा है, वहां से ग्राहक लौट रहे हैं। ऐसे में पंप स्वामियों को भी समझ नहीं आ रहा है कि आखिर पंप व्यवसाय का भविष्य क्या है।
जिले में करीब 112 पेट्रोल पंप हैं जिन पर पेट्रोल-डीजल मिलता है, लेकिन एक सप्ताह से पंपों पर लोगों को जरूरत के मुताबिक डीजल नहीं दिया जा रहा है। कुछ पेट्रोल पंप स्वामियों की मनमानी चल रही है और वर्तमान दर से पांच रुपये प्रतिलीटर महंगा डीजल दिया जा रहा है जिससे लोग परेशान हैं। ग्राहक एक हजार रुपये का डीजल लेने के लिए पहुंचता है तो उसे सिर्फ पांच सौ रुपये का ही दिया जा रहा है। पेट्रोल पंप के मालिक का कहना है कि डीजल की कमी होने की वजह से कम दिया जा रहा है। निधौलीकलां में भी डीजल की किल्लत का लोगों को सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में डीजल 89.70 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से बिक रहा है, जबकि रिलायंस पेट्रोल पंप पर 94 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से बिक्री किया जा रहा है।
ट्रांसपोर्ट समेत किसानों पर पड़ेगा असर
ट्रांसपोर्ट के प्रदेश अध्यक्ष कफील अहमद ने बताया कि अगर डीजल की किल्लत हुई तो ट्रांसपोर्ट का खर्चा दोगुना होगा और महंगाई बढ़ेगी। वहीं किसान अपने खेतों में सिंचाई के लिए परेशान नजर आएंगे। पंपों पर स्टॉक कम हो गया है और ग्राहकों को भी दिक्कतें हो रही हैं।