मिरहची। क्षेत्र के गांव श्यामपुर में नालियों का गंदा पानी ओवरफ्लो होने से मुख्य मार्ग पर कीचड़ फैली हुई है, जिससे पैदल गुजरना मुश्किल हो रहा है। सफाई न होने से नालियां गंदगी से बजबजा रही हैं, इससे गांव में संक्रमण फैलने की आशंका पर ग्रामीण परेशान हैं।
गांव के संजू कुमार, तेवेश कुमार, पवन कुमार, देवेंद्र कुमार, रवि कुमार, मनोज कुमार आदि का आरोप है शिकायत के बाद भी सफाई कर्मचारी नालियों की सफाई करने नहीं पहुंचता है।नालियों का गंदा पानी सड़क और गलियों में बह रहा है।
गलियों में कई माह से गंदे पानी के एकत्रित होने से कीचड़ बह रही है। ग्राम प्रधान से शिकायत के बाद भी क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत नहीं कराई गई है। गांव के लोगों ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत कराने, गलियों में फैली कीचड़ की सफाई कराने और संक्रमण से बचाव को दवा के छिड़काव की मांग की है।