एटा। बैंक अधिकारी के घर बृहस्पतिवार को दिन-दहाड़े हुई चोरी रहस्य बन गई है। दरवाजों के ताले टूटे नहीं खिड़की खुली नहीं, इसके बाद भी लगभग तीस लाख रुपये को गहने और 60 हजार रुपये की नकदी चोरी हो गई। वहीं कुछ जेवरात कमरे के अंदर ही पड़े मिले हैं। पुलिस मामले की गहनता के साथ जांच-पड़ताल कर रही है। मकान के आसपास लगे हुए सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
थाना कोतवाली नगर के मोहल्ला श्याम विहार कॉलोनी में बृहस्पतिवार को दिन-दहाड़े चोरी हो गई। चोरी भी छोटी नहीं, 30 लाख से अधिक की। पीड़ित धीरज आर्यावर्त बैंक में फील्ड ऑफीसर हैं और पत्नी शिक्षिका हैं। सुबह को बच्चे पढ़ने चले गए और उसके बाद पति-पत्नी अपने काम पर निकल गए। धीरज ने बताया कि वह मकान के सारे खिड़की दरवाजे अच्छी तरह से बंद करके गए थे। रोज की तरह मकान की चाबी पड़ोसी के घर देकर गए थे। दोपहर को जब बच्चे स्कूल से आए और ताला खोलकर अंदर गए तो जीने का दरवाजा खुला हुआ था। साथ ही कमरे का दरवाजा भी खुला था और सामान बिखरा पड़ा था।
बच्चों ने मुझको सूचना दी तो घर पहुंचा और नजारा देखकर घबरा गया। पुलिस को सूचना दी तो मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। वहां अलमारी के पास ही छोटे से पर्स में 4 सोने की अंगूठी व एक मंगलसूत्र मिल गया। सवाल यह है कि बंद मकान के ताले तोड़े बिना चोर घर के अंदर कैसे घुसे और कैसे निकले? कोतवाली प्रभारी अरुण पंवार ने बताया कि घटना की गहनता के साथ जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों तक पहुंचेंगे और घटना का खुलासा करेंगे।