एटा। अलीगंज थाना क्षेत्र में सराय अड्डा स्थित आतिशबाजी की एक दुकान में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लग गई। इससे आतिशबाजी में धमाके होने लगे और लोग सहम गए। दमकल की टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया।
सराय अड्डा पर हारुन की आतिशबाजी की दुकान है। अज्ञात कारणों से शुक्रवार दोपहर इसमें आग लग गई। दुकान में रखे पटाखे चलने लगे और बारूद भी जल उठा। इससे धमाके हुए तो आसपास रहने वाले व गुजर रहे लोग डर गए। लिंटर सहित पूरी दुकान क्षतिग्रस्त हो गई। हारुन के अनुसार एक से डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
सूचना फायर ब्रिगेड व थाना पुलिस को दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मशक्कत करते हुए आग को बुझाया। कोतवाली प्रभारी अमित कुमार का कहना है कि सूचना मिलने पर पहुंचकर आग को बुझा लिया गया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।