अवागढ़। थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। दिनदहाड़े दुकान के बाहर खड़ी बाइक चोरी हो गई तो रात में फार्म हाउस से ट्रैक्टर और खेत की कोठरी से 24 बोरी धान पार कर दिया। एक से 13 नवंबर के बीच चोरी की लगातार सामने आई घटनाओं से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद भी बाइक चोरी का सुराग नहीं लगना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है।
एक नवंबर को फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. हनुमान प्रसाद की बाइक टाउन एरिया बाईपास मार्ग स्थित उनकी दुकान के बाहर से दोपहर करीब 12 बजे चोरी हो गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई लेकिन चोर का पता नहीं चल सका। इसके बाद 10 नवंबर की रात चोरों ने एटा-टूंडला मार्ग स्थित एक फार्म हाउस को निशाना बनाया। यहां से जिनावली निवासी सौरव प्रताप सिंह का ट्रैक्टर चोरी कर ले गए। अगले दिन ट्रैक्टर गायब मिलने पर परिजन ने काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
12 नवंबर की रात गांव मोहनपुर निवासी आदेश कुमार के खेत पर बनी कोठरी की दीवार तोड़कर चोर 24 बोरी धान चोरी कर ले गए। कोठरी में 1718 किस्म के धान की 54 बोरियां रखी थीं। सुबह टूटी दीवार और धान की बोरियां गायब देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने थाना अवागढ़ में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इन सभी मामलों में अभी तक पुलिस खाली हाथ है।
-वर्जन-
चोरी के मामलों में पुलिस सीसीटीवी फुटेज देख आरोपियों की तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटनाओं का खुलासा किया जाएगा। -ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, सीओ जलेसर