जलेसर। क्षेत्र के गांव नगला दयाराम के बजरंग कुश्ती अखाड़ा में बुधवार को दंगल का आयोजन किया गया। इसमें 61000 रुपये के इनाम की अंतिम कुश्ती का रोमांचक मुकाबला पहलवान श्यामवीर खोनी और कुंवरपुर के अजीत के बीच बराबरी पर रहा।
दंगल के शुभारंभ पर कमेटी के लोगों ने दूर-दराज से बड़ी संख्या में आए नामी-गिरामी पहलवानों का पटका पहनाकर स्वागत किया। अखाड़े के संरक्षक भारत केसरी सादाबाद के हरिकेश पहलवान और भारत केसरी अलीगंज के राजेश पहलवान ने पहलवानों का हाथ मिलाकर दंगल का शुभारंभ किया। दंगल में पहलवानों की ताकत और दांवपेंच का प्रदर्शन देख दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। अंतिम कुश्ती में दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देते हुए जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। अंत तक कोई निर्णय न होने पर निर्णायकों ने दोनों के बराबर रहने की घोषणा करते हुए इनाम की धनराशि दोनों को बराबर बांट दी। दंगल में प्रमोद प्रधान, पूर्व जिपंस रामकिशन यादव, बबलू प्रधान, नरेश यादव, जिपंस मुकेश यादव, मंगलेश यादव सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।