बादलों की ओट से चमकता सूर्य। संवाद
एटा। शीतलहर के कारण रविवार को भी गलन जारी रही। सुबह के समय दर्शन देने के बाद सूर्य अंतर्ध्यान हो गए। पूरे दिन धूप नहीं निकली और ठंड की वजह से लोगों की मुसीबत बढ़ गई। कोहरा नहीं पड़ने से वाहन चालकों को कुछ राहत मिली। सोमवार को धूप निकलने और तेज हवा चलने का अनुमान मौसम विभाग की ओर से दिया गया है।
पिछले कुछ दिनों के मुकाबले रविवार की सुबह मौसम साफ रहा। कोहरा नहीं था और आसमान में हल्के बादल ही थे जिनके बीच से सूर्यदेव दर्शन दे रहे थे। करीब 9 बजे धूप निकली और लगा कि मौसम खुल जाएगा लेकिन चंद मिनट में ही सूर्य और आसमान को बादलों ने ढक लिया। इसके बाद एक-दो बार और सूर्य ने निकलने की कोशिश की लेकिन बादल हावी रहे। एक ओर जहां धूप नहीं थी वहीं दूसरी ओर शीतलहर भी चलती रही। इसके कारण लोगों को पूरे ही दिन जबरदस्त ठंड का सामना करना पड़ा। अधिकतम तापमान 15 और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसके सिंह ने बताया कि सोमवार को धूप निकलने जबकि मंगलवार को फिर बादल छाए रहने का अनुमान है। कुछ दिनों तक मौसम अभी ऐसे ही चलेगा। सोमवार को 12 किमी प्रति घंटे से हवा चलेगी जो लोगों को परेशान करेगी।
दोपहर तक छाया रहा कोहरा
जैथरा। रविवार को भी सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए। कस्बे के अलावा क्षेत्र में दोपहर तक कोहरा छाया रहा। दोपहर बाद कोहरा तो हट गया लेकिन धूप नहीं निकलने से लोग ठिठुरते रहे। कस्बा निवासी शिवानंद दुबे, अशोक मिश्रा ने बताया कि कोहरे के साथ ही अब सुबह के समय पाला भी पड़ने लगा है। गलन से हाथ-पैर की उंगलियां सुन्न हो जाती हैं। सीएचसी प्रभारी डॉ. राहुल चतुर्वेदी ने बताया कि सर्दी, कोहरा, पाला तीनों से बचने के लिए अलाव व गर्म कपड़ों का सहारा लें। गुनगुना पानी पीएं। संवाद
नहीं मिली सर्दी से निजात
निधौली कलां। सर्दी कम होने का नाम नहीं ले रही है। पांच दिन बाद रविवार सुबह करीब 10 बजे सूर्य के दर्शन हुए। लोगों में उम्मीद जागी कि धूप निकलेगी लेकिन कुछ ही देर में बादल छा गए और दिन भर धूप नहीं निकली। किसानों का कहना है कि सरसों की फसल के लिए धूप निकलना बहुत जरूरी है। संवाद