एटा। शहर के मोहल्ला एमपी नगर का रहने वाला 12 वर्षीय छात्र सोमवार को घर से साइकिल लेकर निकला और वापस नहीं लौटा। पहले परिजन ने इधर-उधर ढूंढा, जब पता नहीं लगा तो कोतवाली नगर में गुमशुदगी लिखाई। पुलिस ने मंगलवार को छात्र को फिरोजाबाद के थाना व कस्बा पचोखरा से सकुशल बरामद कर लिया।
कोतवाली नगर के मोहल्ला एमपी नगर निवासी तेजवीर सिंह ने बताया कि बेटा प्रियांशु सोमवार को घर से ट्यूशन पढ़ने की कहकर साइकिल लेकर निकला था। शाम तक जब वापस घर नहीं पहुंचा तो चिंता हुई। आसपास व रिश्तेदारी में पूछताछ के बाद भी पता नहीं चला तो थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
कोतवाली नगर प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि जब सीसीटीवी फुटेज देखते हुए जांच-पड़ताल की गई तो छात्र साइकिल से जाता दिखाई दिया। मंगलवार को पुलिस के साथ ही स्पेशल टीमों ने तलाश कर छात्र को फिरोजाबाद के कस्बा व थाना पचोखरा से साइकिल सहित सकुशल बरामद कर लिया।
उन्होंने बताया कि पिछले दिनों अयोध्या के स्कूल टूर में वह नहीं जा पाया था। इस पर उसने साइकिल से पचोखरा जाने की योजना बना ली। वहां पूर्व में उसका परिवार रह चुका है। सीओ सिटी राजेश सिंह ने बताया कि छात्र को सकुशल बरामद कर परिजन को सौंप दिया गया है।