जलेसर तहसील में डीएम प्रेम रंजन सिंह को अपनी समस्या व मांग बताते अधिवक्ता। संवाद
जलेसर। तहसीलदार संदीप सिंह के स्थानांतरण की मांग को लेकर तहसील में व्याप्त गतिरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को समाधान दिवस में अधिवक्ताओं ने डीएम प्रेम रंजन सिंह को ज्ञापन सौंपकर तहसीलदार के स्थानांतरण की मांग रखी। डीएम के मना करने से नाखुश अधिवक्ताओं ने हड़ताल जारी रखने और राजस्व परण्द जाने का एलान किया है।
अधिवक्ता संघ ने समाधान दिवस में जिलाधिकारी से मिलकर समस्याएं बताईं। तहसीलदार संदीप सिंह की बार-बार जलेसर में तैनाती होने पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने मामले की जांच करने का आश्वासन दिया। तहसीलदार को स्थानांतरित करने से मना कर दिया। इसके बाद अधिवक्ताओं ने बैठक की और हड़ताल को जारी रखने का फैसला किया। अपनी समस्याओं को रखने के लिए लखनऊ स्थित राजस्व परिषद के अध्यक्ष अनिल कुमार सारस्वत से मिलने की बात कही।
अधिवक्ता संघ के सचिव गौरव जादौन ने बताया कि इससे पूर्व कमिश्नर अलीगढ़ संगीता सिंह को भी तहसीलदार के स्थानांतरण से संबंधित ज्ञापन सौंपा था। कमिश्नर ने सात दिन का आश्वासन दिया था। मंगलवार को यह समय पूरा हो रहा है। इसके बाद बैठक बुलाकर आगे की रणनीति तय की जाएगी। बैठक में संघर्ष समिति के रमेश पाल सिंह रामू, सुभाष बाबू, जेपी सिंह, सुनील यादव, विजय कुमार सिंह, पी सिंह, लायक सिंह, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष रामनिवास यादव आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।