बारिश हुई तो विकराल होंगे भूतेश्वर के हालात
- फोटो : अमर उजाला
बारिश के लिए संवेदनशील क्षेत्र भूतेश्वर में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से निपटने को अभी तक पालिका स्तर से कोई प्रयास नहीं हुआ है। नालियां सिल्ट से अटी हुई है। कुछ क्षेत्रों में जहां काफी दिनों पूर्व सिल्ट सफाई का कार्य शुरू हुआ वहां कर्मियों ने कार्य को अधूरा छोड़ दिया है। सिल्ट सड़कों पर निकली पड़ी हुई है। अगर बारिश हो गई, तो हालात बहुत ही खराब हो जाएंगे।
क्षेत्र में शिशु मंदिर वाली गली एवं भूतेश्वर मोहल्ला क्षेत्र बारिश के दौरान जलभराव के लिए संवेदनशील क्षेत्र है। शहर का निचला क्षेत्र होने के कारण बारिश के दौरान कुछ देर में ही यहां कई फुट तक गहरा पानी भर जाता है। पानी निकासी के लिए व्यवस्था न होने के कारण कई घंटो तक पानी भरा रहता है। संवेदनशील क्षेत्र होने के बावजूद बारिश से निपटने को अभी तक पालिका प्रशासन गंभीर नहीं हुआ है। क्षेत्र में कई स्थानों पर पानी रुका हुआ है। सिल्ट नालियों में जमी हुई है। जमी हुई सिल्ट की सफाई के लिए स्थानीय बाशिंदे कई बार पालिका प्रशासन से कह चुके हैं लेकिन अभी तक बाशिंदों की मांग की सुनवाई नहीं हुई है। कुछ क्षेत्रों में सिल्ट सफाई का कार्य शुरू भी हुआ लेकिन यहां भी सफाई कर्मियों ने नाली की सिल्ट को सड़क पर डाल दिया। काफी दिन बीत जाने के बाद भी नहीं उठाई। यहीं पर पुलिया के ऊपर सुरक्षा के लिए लगे स्लैब को हटा दिया है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। क्षेत्र में बारिश के दौरान कई फुट तक जलभराव की स्थिति बनती है। जलभराव के कारण हादसे भी होते है।
-इस बार क्षेत्र में सड़कों का निर्माण हुआ तो लगा कि जलभराव से मुक्ति मिलेगी लेकिन अभी तक सिल्ट सफाई का कार्य नहीं हुआ। जलभराव से मुक्ति की उम्मीदें दम तोड़ रही है।
गंगा प्रसाद
-पालिका बाशिंदों की समस्याओं पर ध्यान नहीं देती। नालियों में गंदगी अटी रहने व सफाई न होने से दुर्गंध उठती है। मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है लेकिन शिकायतों के बावजूद पालिका लापरवाह बनी हुई है। रमेश