एटा। कड़े निर्देशों के बावजूद निगम की बसों पर चलने वाले कुछ चालक-परिचालक अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसी ही लापरवाही करने वाले एक परिचालक को निलंबित किया गया है। जांच को दौरान पाया गया कि परिचालक शराब के नशे में ड्यूटी कर रहा था।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नरेश कुमार गुप्ता ने बताया कि निगम की बस में किसी भी प्रकार का नशा करके चलने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। शासन-प्रशासन और निगम की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि ड्यूटी के दौरान हर चालक-परिचालक पर विशेष नजर रखी जाए। समय-समय पर इनकी एल्कोहल की जांच भी होनी चाहिए।
इसी के तहत सोमवार को दिल्ली मार्ग पर चलने वाली निगम की एक बस में चालक-परिचालक की एल्कोहल की जांच की गई। इसमें परिचालक धर्मवीर नशे में पाया गया। मामला संज्ञान में आते ही धर्मवीर को निलंबित कर दिया गया है। सभी चालक-परिचालकों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि अगर कोई भी ड्यूटी के दौरान नशे में पाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों की जान के साथ खिलवाड़ की अनुमति किसी को भी किसी भी कीमत पर नहीं दी जा सकती।