एटा। शहर के जीटी रोड पर गोशाला के पास इकलौते बेटे ने दुकान के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन शव को पोस्टमार्टम कराए बिना ही घर ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया।
मलावन थाना क्षेत्र के गांव हरचंदपुर कलां निवासी दिनेश शर्मा का एक मकान कोतवाली नगर क्षेत्र में जीटी रोड पर गोशाला के सामने है। काफी समय से परिवार के साथ यहीं रहते हैं। इनकी तीन बेटियां और एक बेटा था। मकान में नीचे आयरन स्टोर की दुकान है और ऊपर ये लोग रहते हैं। सोमवार की सुबह 24 वर्षीय बेटा दीपक शर्मा दुकान खोलने की बोलकर नीचे आ गया। काफी देर तक जब दुकान नहीं खुली और बेटा भी वापस ऊपर नहीं आया तो परिजन को चिंता हुई। इसके बाद दिनेश शर्मा की पत्नी दीपक को ढूंढते हुए नीचे पहुंची तो वहां की स्थिति को देखकर उनकी चीख निकल गई। सामने बेटा पंखे के कुंदे में रस्सी फंसा कर लटक रहा था।
शोर सुनकर परिजन व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दीपक को फंदे से उतारकर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर आए। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम कराए बिना ही पैतृक गांव हरचंदपुर कलां ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। कोतवाली प्रभारी शंभू नाथ सिंह ने बताया कि इस प्रकार की कोई जानकारी नहीं मिली है। घटना के संबंध में अगर कोई तहरीर मिलती है तो जांच की जाएगी।