सकीट। थाना क्षेत्र के ग्राम जहांगीराबाद में रविवार को बिजली की चमक और आवाज से दहशत में आए वृद्ध अचेत होकर खेत में ही गिर गए। परिजन सीएचसी सकीट पर लाए, यहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
गांव में सांवले सिंह (60) दोपहर के समय खेतों पर बकरी को चराने के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक बारिश होने लगी और तेज आवाज के साथ बिजली की चमकने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि बिजली गिरने की आशंका से दहशत में आकर वह खेत में ही गिर गए। सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें लेकर सीएचसी सकीट आए। हालत चिंताजनक देखे हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जहां उपचार चल रहा है।