एटा। ज्येष्ठ माह में गर्मी अपने तेवर दिखा रही है। सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। दोपहर में बूंदाबादी और बादल छाने से राहत मिली। बूंदाबांदी के बाद धूप खिलने से उमस बढ़ गई।
दोपहर में मौसम ने अचानक करवट ली। बादल छा गए और हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। कुछ मिनट की बूंदाबांदी और तेज हवा से लोगों को राहत मिली। इसके बाद बादलों के हटते ही दोबारा निकली तेज धूप ने उमस बढ़ा दी।
सुबह का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि दोपहर में यह 40.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग ने आज भी बादल छाए रहने का अनुमान जताया है, लेकिन गर्मी से फिलहाल राहत के आसार कम ही हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बदलते मौसम में बचाव करने की सलाह दी है। चिकित्सक का कहना है कि दोपहर 12 से 3 बजे के बीच तेज धूप में निकलने से बचें। बाहर निकलते समय सिर ढकें, छाता या कपड़ा साथ रखें। नींबू पानी, ओआरएस जैसे तरल पदार्थ लेते रहें। वाहन या कमरों में बच्चों या बुजुर्गों को अकेला न छोड़ें।
मरीजों में बढ़ रही संख्या
तेज गर्मी के कारण मेडिकल कॉलेज और निजी क्लीनिकों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। चिकित्सकों के अनुसार हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और बुखार की शिकायतें बढ़ी हैं। बच्चों और बुजुर्गों में कमजोरी, चक्कर और उल्टी के मामलों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कोई भी परेशानी होने पर डॉक्टर से तुरंत इलाज कराने की सलाह दी है।
आगामी पांच दिनों का अनुमानित तापमान
दिन अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
बुधवार 42.7 26.6
बृहस्पतिवार 44.4 28.6
शुक्रवार 44.7 29.7
शनिवार 45.1 30.2
रविवार 46.1 30.8
सोमवार 46.6 32.2
स्रोत- कृषि विज्ञान केंद्र