एटा। थाना साइबर क्राइम टीम ने जनवरी 2024 में ठगी का शिकार हुई महिला के खाते में 29 हजार रुपये वापस कराए हैं। बताया कि घर बैठे बिजनेस कराने के नाम पर महिला से 30 हजार रुपये की ठगी की गई थी।
साइबर थाना प्रभारी आदेश कुमार ने बताया कि जनवरी 2024 में कोतवाली नगर क्षेत्र के अवंतीबाई नगर निवासी रेनू शाक्य के फोन पर एक कॉल आया। बात करने वाले ने अपने को एक बड़ी कंपनी का मैनेजर बताते हुए रेनू से घर बैठे बिजनेस कर मोटी कमाई करने की बात कही। बातों में आकर रेनू ने उसके बताए अनुसार खाते में ऑनलाइन 30 हजार रुपये भेज दिए। यह राशि तीन बार में भेजी गई थी। उस व्यक्ति ने बिजनेस करने के लिए किट भेजने की बात कहकर पैसे डलवाए थे।
जब किट नहीं आई और फोन करने पर कॉल नहीं लगी तो रेनू को संदेह हुआ कि उसके साथ ठगी की गई है। उसने 1930 पर कॉल करने के बाद थाना साइबर क्राइम में आकर रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर क्राइम टीम ने स्थानांतरित की गई धनराशि वाले खातों को फ्रीज कराया। इसके बाद सभी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए शनिवार को पीड़ित महिला के खाते में 29 हजार रुपये की राशि वापस कराई गई।