एटा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली व राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों के तहत जिला न्यायालय की टीम ने शनिवार को आगरा स्थित शेल्टर होम का निरीक्षण किया। जिला न्यायाधीश दिनेश चंद्र के निर्देश पर अपर जिला जज सुधा, सिविल जज कामायनी दुबे, सिविल जज अक्षय कुमार किशोर न्याय बोर्ड ने संयुक्त रूप से किया।
निरीक्षण का उद्देश्य शेल्टर होम में रह रहे बच्चों, महिलाओं व अन्य आश्रित व्यक्तियों के अधिकारों की सुरक्षा, उन्हें उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन, सुरक्षा प्रबंध तथा सरकारी मानकों के अनुपालन की वास्तविक स्थिति का आकलन करना था। टीम ने शेल्टर होम में मौजूद बच्चों, महिलाओं व अन्य आश्रितों से उनके स्वास्थ्य व देखभाल संबंधी जानकारी ली। इसके साथ ही आगत-जावक रजिस्टर, मेडिकल रिकॉर्ड, केस फाइलें तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की गई। निरीक्षण में आवासीय व्यवस्था, स्वच्छता, शौचालयों की स्थिति, कमरों की साफ-सफाई एवं खानपान की गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा की गई।