एटा। एक ओर तापमान लगातार बढ़ रहा है, तो दूसरी ओर 4 जून को भीषण गर्मी में लोकसभा चुनाव परिणाम से राजनीतिक ताप भी बढ़ेगा। मतगणना वाले दिन अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। राजनीतिक दल अपने एजेंट और समर्थकों को गर्मी से बचाने की तैयारी में जुटे हैं। जिले में तीन लोकसभा क्षेत्रों के तहत मतदान कराया जा चुका है। एटा लोकसभा सीट के अंतर्गत एटा सदर और मारहरा, आगरा लोकसभा सीट के तहत जलेसर और फर्रुखाबाद लोकसभा सीट के तहत अलीगंज विधानसभा क्षेत्र में वोट डलवाए गए थे। इन सभी की मतगणना एक साथ 4 जून को कराई जाएगी। ईवीएम मंडी समिति के स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखी गई हैं। सबसे अधिक 402 बूथ एटा सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। यहां सबसे अधिक समय तक मतों की गिनती चलेगी। हालांकि अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी बूथ बहुत ज्यादा कम नहीं हैं। ऐसे में मतों की गणना दोपहर बाद तक पूरी होने की उम्मीद है।
दोपहर की भीषण गर्मी के बीच ही सरकारी अधिकारियों, कर्मियों सहित प्रत्याशियों के एजेंटों को भी काम करना होगा। जबकि उनके समर्थक भी मंडी समिति के आसपास डेरा जमाकर एक-एक राउंड की जानकारी जुटाना चाहेंगे। इस राजनीतिक रस्साकसी में सभी को गर्मी का प्रकोप सहना पड़ेगा। इन दिनों तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। जबकि 4 जून तक इसके और बढ़कर 48 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इन परिस्थितियों में दोपहर के समय काम करना लोगों के लिए आसान नहीं होगा। इसे देखते हुए राजनीतिक दल अपने मतगणना एजेंटों और समर्थकों के लिए शर्बत, लस्सी, छाछ, कोल्डड्रिंक आदि की व्यवस्था करने में जुटे हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष चौधरी ने बताया कि गर्मी बहुत ज्यादा है। मतगणना वाले दिन भी इसके काफी रहने की संभावना है। लोगों को गर्मी से बचाव के लिए शेड आदि का पूरा इंतजाम किया जाएगा। पेयजल की भी जगह-जगह व्यवस्था की जाएगी, जिससे किसी को पीने के पानी की समस्या न रहे।