एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा पेपर देकर बाहर निकली, तभी नशीला पदार्थ सुंघाकर दो युवक उसे अपने साथ ले गए। बाद में छात्रा हजारा नहर के किनारे राहगीरों को बदहवास पड़ी मिली। होश में आने पर परिजनों को खबर दी गई। परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है।
कोतवाली नगर स्थित लक्ष्मीबाई इंटर कॉलेज की नौवीं कक्षा की 13 वर्षीय छात्रा बुधवार को अंग्रेजी का पेपर देकर करीब 12 बजे कॉलेज से बाहर निकली। आरोप है तभी छात्रा को दो युवक नशीला पदार्थ सुंघाकर अपने साथ ले गए।
करीब डेढ़ बजे राहगीरों ने उसे हजारा नहर में बदहवास हालत में पड़ा देखा। होश आने पर छात्रा ने घर का पता और फोन नंबर बताया तोे पिता को खबर दी गई। पिता परिजनों के साथ पहुंचे और पहले छात्रा को कॉलेज प्रधानाचार्य के पास लेकर पहुंचे, फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
छात्रा ने बताया कि वह साइकिल से कॉलेज आती-जाती है। बुधवार को पेपर देने के बाद वह छात्रवृत्ति चेक कराने कॉलेज के बाहर दुकान पर गई तभी दो युवकों ने कुछ सुंघा दिया। इसके बाद उसे जब होश आया तो खुद को नहर के पास पड़ा पाया। पिता ने बताया कि कॉलेज प्रधानाचार्य ने सीसीटीवी कैमरे चेक करने की बात कही है।
छात्रा को नशीला पदार्थ सुंघाकर ले जाने की बात परिजनों की ओर से बताई गई है। मुख्य गेट के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कराए जा रहे हैं। एक पत्र पुलिस अधिकारियों को भी लिखा जा रहा है, इसमें छुट्टी के समय पर पुलिस तैैनात कराने को कहा जाएगा।
विनीता तिवारी, प्रधानाचार्य, लक्ष्मीबाई इं. कॉ.
छात्रा को नशीला पदार्थ सुंघाकर ले जाने की जानकारी मिली है। उपनिरीक्षक को जिला अस्पताल भेजा गया है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है, कोई शिकायत आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पंकज कुमार मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली नगर