एटा। थाना व कस्बा बागवाला निवासी एक किसान की मौत सोमवार को खेत में हो गई थी। परिजन का कहना है कि खेती में हुए नुकसान को देखकर सदमा लगने से उनकी मौत हुई थी।
गांव बागवाला निवासी संगीता ने मंगलवार को बताया कि भाई श्याम सिंह (42) तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। उनके हिस्से में लगभग तीन बीघा जमीन थी, जिससे गुजारा नहीं होता था। इसलिए लगभग 25 बीघा जमीन पट्टे पर लेकर खेती करते थे। पिछले सप्ताह आंधी और बरसात की वजह से गेहूं की फसल में काफी नुकसान हो गया। इसके कारण श्याम सिंह मानसिक रूप से तनाव में आ गए थे। 14 अप्रैल को सुबह के समय खेत पर फसल देखने गए और काफी देर तक वापस नहीं लौटे।
अन्य किसानों ने श्याम सिंह को खेत के पास अचेतावस्था में पड़ा देखा। घर के लोग मौके पर पहुंचे और श्याम सिंह को लेकर मेडिकल कॉलेज आए, यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम पर शव लेकर पहुंचे तो बताया कि चिकित्सक नहीं हैं, 15 अप्रैल को पोस्टमार्टम हो पाएगा।
घर पर मची चीख-पुकार की वजह से बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को ले आए और अंतिम संस्कार कर दिया। संगीता ने बताया कि भाई के दो बेटे हैं। छोटा बेटा मात्र 5 वर्ष का है। एसडीएम सदर जगमोहन गुप्ता ने बताया कि ऐसी कोई जानकारी नहीं दी गई है। जांच कराई जाएगी। संवाद