एटा। रविवार को दोपहर बाद हुई बारिश के दौरान गंगनपुर स्थित विद्युत उपकेंद्र की 33 केवी लाइन के ब्रेकर पर आकाशीय बिजली गिरी। इससे शहर के दो और सकीट विद्युत उपकेंद्र ठप हो गए। शहर के दोनों उपकेंद्र सोमवार सुबह शुरू हो गए, लेकिन सकीट का उपकेंद्र दोपहर बाद शुरू हो पाया। खराबी के कारण आधे शहर समेत 25 गांवों की बिजली रात भर गुल रही। रविवार दोपहर से लेकर सोमवार तक बिजली न मिलने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। सुबह के समय कई इलाकों में लोग पानी के लिए भटकते नजर आए।
शिकोहाबाद रोड के गंगननपुर स्थित विद्युत उपकेंद्र की 33 केवीए लाइन पर रविवार को बिजली गिरी थी। इससे शहर के यूपीएसआईडीसी व इंड्रस्ट्रियल एरिया में स्थित विद्युत उपकेंद्र ठप हो गए। वहीं शहर के अन्य उपकेंद्रों पर भी इसका असर पड़ा। निगम के कर्मचारियों ने देर रात तक लगभग आधे शहर की आपूर्ति बहाल करा दी। जबकि ठप पड़े दोनों उपकेंद्र सोमवार सुबह 11 बजे तक शुरू हो पाए। जिसके चलते इन उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में रात भर बिजली नहीं आई। लोगों के इन्वर्टर-बैटरी जवाब दे गए। अंधेरे और गर्मी में रात काटनी पड़ी। उधर, सकीट का विद्युत उपकेंद्र शाम तीन बजे तक शुरू नहीं हो पाया। इस दौरान करीब 25 गांव की आपूर्ति ठप रही।
पानी के लिए परेशान रहे लोग
रात के बाद सुबह के समय भी बिजली न मिलने से शहर में लोगों के लिए पानी की समस्या खड़ी हो गई। आवास-विकास कॉलोनी, किदवई नगर, पटियाली चौकी, नगला पोता आदि इलाकों के लोगों को आसपास लगे हैंडपंपों से पानी ढोकर लाना पड़ा।