एटा। बिजली चोरी के मामले में जिले का प्रदेश में चौथा स्थान है। इस रिपोर्ट के बाद विद्युत निगम के स्थानीय अधिकारी चौकन्ना हो गए हैं। विद्युत निगम की टीमों ने चेकिंग अभियान चलाया। दो दिन में 18 लोगों पर बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
निदेशक (वाणिज्य) एसके गुप्ता की ओर से जिला में हो रही चोरी की रिपोर्ट में कहा है कि 30 फीसदी से अधिक लाइन लॉस हो रहा है। इसको लेकर चेकिंग अभियान चलाने पर जोर देकर निर्देश दिए गए हैं। बिजली चोरी के मामले में जिला चौथे नंबर पर है। निदेशक का पत्र मिलने के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। बिजली चोरी पर शिकंजा कसने के लिए सोमवार से विद्युत निगम की टीमों द्वारा अभियान चलाया गया।
विद्युत निगम द्वारा शहर में बिजली चोरी के खिलाफ चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान पीपल अड्डा, किदवई नगर, जीटी रोड, समेत अन्य मोहल्लों में 18 लोगों को पकड़ा गया है। बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। चेकिंग अभियान के दौरान विद्युत निगम के अधिशासी अधिकारी आरबी रॉय, जेई राहुल कुमार, संदीप कुमार समेत प्रवर्तन दल की टीम मौजूद रही।
विद्युत निगम के निदेशक के आदेशानुसार शहर में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। दो दिन में 18 उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया है जिनके खिलाफ एफआईआर कराई गई है। प्रदेश में चौथे नंबर पर बिजली चोरी होने की बात निदेशक ने पत्र में कही गई है, इसको लेकर कार्रवाईयां तेज की गई हैं।
आरबी रॉय, अधिशासी अभियंता, विद्युत निगम