एटा। थाना मलावन क्षेत्र के गांव अयार में राकेश कुमार (56) का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। वह गाजियाबाद से यहां बहनोई की बरसी में आए थे। परिजन ने हत्या की आशंका जताई है।
गांव अयार निवासी मिंटू ने बताया कि पिता राकेश कुमार दादरी में रहकर नौकरी करते थे। वहां से वह 20 दिसंबर को बहनोई की बरसी में शामिल होने फिरोजाबाद जिले के थाना एका क्षेत्र में गांव गढ़ी सोनई आए थे। 21 दिसंबर को बरसी होने के बाद वापस अपने गांव आ गए थे। रविवार की देर शाम परिजन घर के पीछे खंडहर में घूमने गए, तो देखा राकेश फंदे से लटके हुए थे। इस पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
उन्होंने बताया कि पिता कभी-कभी शराब का सेवन कर लेते थे। मेरे अलावा दो बहनें हैं, जिनका विवाह हो चुका है और परिवार दादरी में ही रहता है। बेटे ने पिता की हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताई है। सीओ कृष्ण मुरारी दोहरे ने बताया कि मामले की गहनता के साथ जांच-पड़ताल की जा रही है। जो भी तथ्य निकल कर आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।