अलीगंज। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष की सराफा की दुकान पर आभूषण देखने एक युवा युगल पहुंचा। देखते-देखते 40 हजार रुपये के झुमके का सेट चोरी कर लिया। इसके बाद बिना कुछ लिए चला गया। बाद में पता चला कि झुमका चोरी है। घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। सराफ ने पुलिस को रिकाॅर्डिंग सहित तहरीर दी है।व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष विनोद कुमार आर्य की दुकान पुराने बस स्टैंड पर आर्य ज्वैलर्स के नाम से है। उन्होंने बताया कि 13 फरवरी की शाम लगभग 4 बजे एक युवक और एक युवती दुकान पर कानों की बाली देखने के लिए आए थे। उस समय मेरा बेटा दुकान पर था। कुछ देर तक दोनों लोग बाली देखते रहे। जैसे ही मेरे बेटे ने दूसरे ग्राहक पर ध्यान दिया और उसकी निगाह हटी, उसी समय युवक ने शीशे के अंदर रखे सोने के झुमके उठा लिए। जिसकी कीमत लगभग 40 हजार रुपए है। झुमके का सेट उठाने के बाद दोनों लोग बिना बाली लिए दुकान से चले गए। तब तक इस घटना की जानकारी मेरे बेटे को नहीं हो पाई थी।
जब अपने ऑर्डर के झुमके लेने के लिए ग्राहक दुकान पर आया तो ये नहीं मिले। इस पर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को चेक किया तो देखा कि युवक के द्वारा झुमके उठाए जा रहे हैं। उस युवक के साथ एक युवती भी है। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष ने अज्ञात युवक एवं युवती के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी अरुण पवार ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्त में लिया जाएगा।