फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Etah News: प्रेमी युगल ने एक माह पहले प्रयागराज के मंदिर में किया था विवाह

Tue, 13 Jan 2026 12:08 AM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, एटा
विज्ञापन
इस दर्द का अंत नहीं: गांव गढि़या सुहागपुर में डबल मर्डर के बाद युवक के घर पर सोमवार को चीत्कार
विज्ञापन
जैथरा। गांव गढि़या सुहागपुर के प्रेमी युगल ने एक माह पहले प्रयागराज के एक मंदिर में विवाह किया और घर आ गए। यहां किसी को पता नहीं चलने दिया कि उन्होंने विवाह कर लिया है। पता लगने पर पिता ने शिवानी को रिश्तेदारी में भेज दिया था। रविवार रात शिवानी से मिलने जब उसका प्रेमी दीपक आया तो परिजन आक्रोशित हो गए। आवेश में आकर दोनों की हत्या कर दी।
विज्ञापन

जैथरा थाना क्षेत्र के गांव गढि़या सुहागपुर निवासी आदेश कुमार ने बताया कि भाई दीपक (23) नोएडा में नौकरी करता था। लगभग 3 माह पूर्व गांव आया था। यहां गांव की ही शिवानी (21) के साथ लगभग एक वर्ष से प्रेम संबंध चल रहे थे। दोनों को ही परिजन ने काफी समझाया, लेकिन नहीं माने। 11 दिसंबर को इन्होंने प्रयागराज के एक मंदिर में द आर्य समाज सनातन सेवा समिति के माध्यम से विवाह कर लिया और घर आ गए।
इसके बाद प्रेमी युगल ने अधिवक्ता के माध्यम से हाईकोर्ट से एक पत्र भी एसएसपी के लिए सुरक्षा के दृष्टिगत भिजवाया। यहां किसी को बताया नहीं और अपने-अपने घर चले गए। जानकारी मिलने पर शिवानी के पिता अशोक ने उसको अपनी बहन के घर जिला कन्नौज के थाना सौंरिख क्षेत्र में भेज दिया। वहां शिवानी को जान का खतरा महसूस हुआ तो 3 दिन पूर्व वह घर आ गई। बताया कि उसी दिन शिवानी पिता के साथ थाना जैथरा गई थी और सुरक्षा के बारे में बात की।
विज्ञापन

यहां अशोक ने मौखिक रूप से कहा था कि वह प्रेमी युगल को किसी प्रकार की हानि नहीं पहुंचाएगा। आरोप लगाते हुए कहा कि रविवार देर शाम दीपक को घर बुलाकर इन लोगों ने हमला किया। इसमें शिवानी और दीपक दोनों को पहले पीटा फिर ईंट-पत्थर मारे और खुरपी से गला रेतकर हत्या कर दी। मृतक के पिता राधेश्याम ने युवती के पिता सहित 6 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पुलिस ने 3 आरोपी पकड़े, गांव में तैनात है पुलिसबल
थाना प्रभारी रितेश ठाकुर ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर पिता अशोक कुमार, मां बिटौला देवी, बहन शिल्पी, भाई विकास, चाचा सतीश और जबर सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इसके बाद कार्रवाई करते हुए अशोक कुमार, बिटौला देवी और शिल्पी को परौली जाने वाले कच्चे रास्ते से गिरफ्तार कर लिया है। सीओ अलीगंज नितीश गर्ग ने बताया कि गांव गढि़या में घटना के बाद की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है।

गला रेते जाने से हुई थी प्रेमी युगल की मौत

जैथरा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार गला रेते जाने से प्रेमी युगल की मौत हुई है। साथ ही शरीर पर कई जगह पिटाई के निशान भी पाए गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद गांव गढि़या सुहागपुर में युवक का शव पहुंचते ही चीत्कार मच गया।
प्रेमी युगल के शव को रविवार की देर रात गांव से पोस्टमार्टम हाउस पर लाया गया। सोमवार को दोपहर तक दोनों का पोस्टमार्टम हो पाया। महिला चिकित्सक सहित 3 डॉक्टरों के पैनल ने शवों का पोस्टमार्टम किया। इस दौरान वीडियोग्राफी भी की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का प्रमुख कारण गला रेतने से होना आया है। इसके अलावा दोनों के ही शरीर पर पिटाई से चोट लगने के निशान भी थे।
मृतक दीपक का शव दोपहर के समय गांव में लाया गया। भारी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस बल की मौजूदगी में कुछ देर तक दरवाजे पर रखने के बाद दीपक के शव का अंतिम संस्कार इनके खेत में किया गया। वहीं शाम के समय शिवानी का शव लेकर परिजन धुमरी के पास काली नदी पर पहुंचे। वहां गड्ढा खोदकर इसे दफन किया गया। यहां भी एहतियातन पुलिस बल तैनात रहा।



लड़की के भाई का आरोप घर से नकदी और गहने चुरा ले गया था मृतक

शिवानी के तहेरे भाई रामशंकर ने सोमवार को पोस्टमार्टम हाउस पर आरोप लगाते हुए बताया कि शनिवार को दीपक घर में घुस आया और 40000 रुपये व दो सोने की अंगूठी चुरा ले गया। उसे चेतावनी दी गई थी। इसके बाद भी दीपक नहीं माना और रविवार को शिवानी से मिलने आ गया। पड़ोस के बंद मकान में मिलते समय लड़की के पिता व भाई ने देख लिया। इसके बाद यह घटना हो गई।

इस दर्द का अंत नहीं: गांव गढि़या सुहागपुर में डबल मर्डर के बाद युवक के घर पर सोमवार को चीत्कार

इस दर्द का अंत नहीं: गांव गढि़या सुहागपुर में डबल मर्डर के बाद युवक के घर पर सोमवार को चीत्कार

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें