रोडवेज बस स्टैंड में बिना फॉग लाइट के खड़ी अनुबंधित बसें। संवाद
एटा। डिपो से अनुबंधित बसों में अभी तक फॉग लाइट नहीं लग पाई हैं। कोहरा प्रतिदिन पड़ रहा है इससे हादसा होने की आशंका बढ़ जाती है। यात्रियों का कहना है कि ऐसे में बसों में फॉग लाइट लगा होना जरूरी है। ये बसें लोगों को जोखिम से भरा सफर करा रही हैं।
डिपो के बेड़े में वर्तमान में निगम की 94 और अनुबंधित 86 बसें हैं। जिस प्रकार से मौसम में ठंडक बढ़ी है और प्रतिदिन कोहरा पड़ रहा है उसको देखते हुए इनमें फॉग लाइट होना जरूरी है। इसकी संवाद टीम की ओर से शुक्रवार को जब पड़ताल की गई तो पता चला कि निगम की बसों में तो फॉग लाइट लग गई हैं लेकिन अधिकांश अनुबंधित बसों में लाइट नहीं लगी हैं। इसकी वजह से कभी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
शहर के मोहल्ला नेहरू नगर निवासी आदित्य विक्रम और सुनहरी नगर निवासी सुशील कुमार ने कहा कि कोहरे में दुर्घटना से बचाव के लिए हर बस में फॉग लाइट अवश्य होेनी चाहिए। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नरेश कुमार गुप्ता ने बताया कि आदेश दिया जा चुका है। इसके बाद भी अगर अनुबंधित बसों के संचालक किसी प्रकार की लापरवाही बरतते हैं तो जांच कराई जाएगी। सर्दी के मौसम में कोहरा तो पड़ता ही है इसलिए सभी बसों में फॉग लाइट होना जरूरी है।