लगातार बारिश से जलमग्न हुआ शहर
- फोटो : अमर उजाला
लगातार हो रही बारिश से पूरा जनजीवन अस्तव्यस्त है। चारों ओर पानी ही पानी है। हालत यह हो गए हैं कि लोगों को घरों से निकलने में मुश्किल हो रही है। बारिश के कारण ऐसा लग रहा है जैसे दरिया बह रहा हो। पानी घरों से लेकर दुकानों तक में भर गया है। हालात यह कि लोग अपने काम तक पर नहीं जा पा रहे हैं। सबसे ज्यादा हालत मोहल्ला जगन्नाथपुरी के खराब हैं। लोगों का जीना दूभर कर दिया है। वहीं बारिश का पानी भरने से मकान की दीवारों में दरार तक पड़ने लगी हैं।
कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से पूरा शहर जलमग्न हो गया है। मोहल्ला जगन्नाथपुरी, मारहरा दरवाजा, कटरा मोहल्ला, मारहरा प्रताप नगर, गली सैयद, द्वारिका पुरी, अरुणा नगर, संतोष नगर, शांति नगर समेत तमाम इलाके जलभराव से जूझ रहे हैं।इन इलाकों में चारों ओर जलभराव ही नजर आ रहा है। आलम यह है कि तीन-तीन फीट तक भर गया है। इससे लोगों का घर से निकलना तक बंद हो गया है। मोहल्ले में संचालित पब्लिक स्कूलाें में पढ़ाई ठप हो गई है। मोहल्ले से निकलने वाले पानी की निकासी आगे बंद है, इससे जलभराव की समस्या पैदा हो रही है। अगर सकीट रोड गांव हीरापुर के पास नाले को खोद दिया जाए, तो पानी की निकासी हो जाएगी। इससे लोगों को राहत मिलेगी। बारिश के चलते मोहल्ले के कई घरों की दीवारों में मोटी-मोटी दरार आ गई है। मकानों के दरकने से लोगों में दहशत है। कच्चे मकानों में रह रहे लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। जानकारी होने के बाद भी पालिका प्रशासन कोई कदम नहीं उठा रहा। इससे लोगों में आक्रोश है। सोमवार को स्थानीय बाशिंदों ने जिलाधिकारी से समस्या को समाप्त कराने की मांग की। मांग करने वालों में श्याम सिंह, रामनरेश, राजेश कुमार, रन सिंह यादव, मनोहर सिंह, धनवीर सिंह, वीरेंद्र दुबे शामिल हैं।