एटा। सकीट थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की देर शाम गांव जहांगीराबाद में एक युवक का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका, जिसके बाद विसरा सुरक्षित रखा गया है।
भूरी देवी निवासी गुलरिया ने बताया कि देवर कश्मीर सिंह की जमीन कुछ रिश्तेदारों ने अपने नाम करा ली थी। इसको लेकर वह परेशान थे। इस मामले में बृहस्पतिवार को पंचायत भी हुई थी। वहीं, शाम के समय जहांगीराबाद में उनका शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। वहीं रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो पाने के चलते विसरा सुरक्षित रखा गया है। सीओ सकीट कृतिका सिंह ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। तहरीर नहीं मिली है, मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।