राजकीय प्रदर्शनी में बुधवार की रात रंग भारती संस्था के तत्वावधान बॉलीवुड के गायक एवं अभिनेता स्व. किशोर कुमार की स्मृति में ‘एक शाम किशोर कुमार के नाम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सप्तरंग आरकेस्ट्रा ने किशोर कुमार के गानों की धूम मचा दी। कार्यक्रम के बीच में प्रस्तुत की गई देवी देवताओं की झांकी ने लोगों को रोमांचिक कर दिया। इसके अलावा टीवी धारावाहिक ‘क्या भाभी जी घर पर हैं’ में चिकित्सक की भूमिका निभाने वाले हास्य कलाकार सुनील शान ने लोगों को खूब गुदगुदाया। कार्यक्रम में एक कलाकार ने मूंछ पर जलती हुई 12 मोमबत्तियां रख कर नृत्य प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में किशोर कुमार के गीत छाए रहे। किशोर कुमार के चुलबुले गीतों के साथ उनके गंभीर गाने गाकर कृष्ण कुमार ने भरपूर तालियां बटोरी। किशोर कुमार के युगल गीतों में गायिका स्मृति ने साथ दिया। उनके द्वारा गाए गए आने वाला पल, मेरे महबूब कमायत होगी, सागर जैसी आंखों वाली ये तो बता तेरा नाम है क्या, मेरे नैना सावन भादों, हाल क्या है दिलों का न पूछो सनम, पग घुंघरू बांध मीरा नाची रे, खई के पान बनारस वाला आदि गानों पर रात भर लोग झूमते रहे।
इसके बाद गायक संदीप ने नए गानों की झड़ी लगा दी। कार्यक्रम में अमित बिहारी ने भी खूब हंसाया। इसके अलावा जवाहर द्वारा प्रस्तुत शंकर भगवान का तांडव डांस एवं साईं बाबा आइटम प्रस्तुत किए गए। इलाहाबाद के अंतरराष्ट्रीय कलाकार दुकानवी ने अपनी मूंछ पर जलती हुई एक दर्जन मोमबत्ती रख नृत्य कर तालियां बटोरीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के अध्यक्ष श्याम कुमार ने कहा कि रंग भारती की स्थापना 55 वर्ष पूर्व हुई थी। तब से यह संस्था देश के विभिन्न नगरों में सफल आयोजन करती आ रही है। उन्होंने बताया कि प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए संस्था गायन, नृत्य, हास्य, मॉडलिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन कराती है। सुजीत, आशीष, अनुराग, गुड्डू, उपेंद्र, सुजीत, सुनील समेत अनेक लोग मौजूद रहे।