जैथरा। अनाज से लदे ट्रक के वजन से पानी की पाइप लाइन टूट गई। इससे जलापूर्ति का ट्रायल बाधित हो गया। पाइप लाइन टूटने से पहले ट्रक के वजन से अनाज मंडी की सड़क धंस गई थी।
अनाज से लदा ट्रक सोमवार को कस्बे की अनाज मंडी से निकलकर बमुश्किल 150 मीटर की दूरी तय कर पाया था कि सड़क धंसने से फंस गया। क्रेन की मदद से उसे बाहर निकाला गया। बाद में ट्रक के वजन से पानी की पाइप लाइन टूट गई। कस्बे में पानी की आपूर्ति को डाली गई पाइप लाइन का मंगलवार को ट्रायल होना था जो नहीं हो सका।
पाइप लाइन के टूटने पर जल निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदारों में खलबली मच गई। तत्काल पाइप लाइन सही कराने का काम शुरू करा दिया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष विवेक गुप्ता ने बताया कि कस्बे में अनाज मंडी के तिराहे पर जल निगम की पाइप लाइन टूटने की जानकारी मिली। जल निगम को सूचना दी गई और काम शुरू करा दिया गया है। संवाद