एटा। गांव फगनोल में रविवार रात पंखे का तार लगाते समय करंट की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। परिजन उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा लेकर पहुंचे। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को घर ले गए।
गांव फगनोल निवासी शाहरुख ने बताया कि उनका भतीजा मोहम्मद कैफ (14) रविवार रात करीब 11:45 बजे घर में पंखे का तार लगा रहा था। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के लिए रेफर कर दिया।
परिजन किशोर को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को घर ले गए। किशोर की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई।