एटा। थाना सकीट क्षेत्र के गांव रेवाड़ी में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान साउंड सिस्टम में करंट आने से एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। फिर भी परिजन रात में ही उसे जिला अस्पताल लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार रात भजनों के दौरान यह हादसा हुआ। सोमवार रात करीब 10 बजे भागवत कथा में कीर्तन की शुरूआत हो रही थी। तभी साउंड वाले ने सनी (15) पुत्र हरिश्चंद्र को माइक पहुंचाने के लिए कह दिया। किशोर ने माइक को हाथ में पकड़ा तभी करंट लग गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि गांव के ही प्रदीप कुमार उर्फ पप्पू की ओर से भागवत कथा का आयोजन कराया जा रहा है। रात में भजन-कीर्तन का कार्यक्रम हो रहा था।
ग्रामीणों ने बताया कि पिता हरिश्चंद्र का जीवन काफी दुख भरा रहा है। करीब आठ साल पहले पत्नी शीला देवी ने जुड़वा बेटों को जन्म दिया था। प्रसव के बाद मां-बेटों की मौत हो गई। इसके बाद सनी और एक बेटी साधना के सहारे हरिश्चंद्र की जिंदगी चल रही थी। सनी भी काल के गाल में समा गया। अब साधना घर में अकेली संतान बची है। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है। भागवत कथा का आयोजन भी स्थगित कर दिया गया है।