गोरहा के निकट ट्रक की चपेट में आकर साइकिल सवार किशोर की मौत हो गई। किशोर की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। दो घंटे तक सर्कुलर रोड जाम लगा रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
कुलदीप (16) निवासी पहाड़पुर सोरों सुबह आठ बजे साइकिल से मजदूरी को घर से निकला था। वह गोरहा गांव के निकट पहुंचा तभी सोरों की ओर से आ रहे गिट्टी भरे ट्रक ने पीछे से रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद परिवारीजनों के साथ काफी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर आ गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे काफी संख्या में वाहन जाम में फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर आ गई। पुलिस ने आक्रोशित लोगों से वार्ता की, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। सूचना मिलने एसडीएम संजय सिंह, एआरटीओ आनंद निर्मल, नायब तहसीलदार ब्रह्मानंद कठेरिया मौके पर आ गए। उन्होंने ग्रामीणाें से वार्ता कर उन्हें समझाया। इसके बाद ग्रामीण सड़क से हटे। अधिकारियों ने वाहनों को व्यवस्थित ढंग से संचालित कराकर यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया है। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।