शिक्षा में शून्य निवेश नवाचार (बिना किसी खर्च के शैक्षिक सुधार) के लिए आयोजित प्रधानाचार्य शिक्षक प्रशिक्षण में शिक्षकों की नाममात्र की उपस्थिति पर जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार गिरि ने नाराजगी जताई। शासन के निर्देश पर जिल के शिक्षक और प्रधानाचार्यों के इस प्रशिक्षण को तहसीलवार आयोजित किया गया है।
श्री गांधी स्मारक इंटर कालेज में आयोजित प्रशिक्षण में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि शासन ने विभिन्न विषयों का ज्ञान अपडेट करने एवं शिक्षक-प्रधानाचार्याें को नई जानकारियां देने के लिए इस शिविर का आयोजन किया है। बावजूद इसके शिक्षकों की उदासीनता गंभीर बात है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि शिक्षकों को निर्धारित समय पर उपस्थित होकर प्रशिक्षण का लाभ उठाना चाहिए।
इस अवसर पर जिला कोर्डीनेटर विवेक कुमार ने उपस्थित शिक्षकों से शैक्षिक सुधार एवं विभिन्न योजनाओं के उन्नयन के लिए सुझाव मांगे। अध्यक्षता संस्था के प्रधानाचार्य डा. दिनेश वशिष्ठ ने की। उपस्थित शिक्षकों में अनुपम द्विवेदी, यश कुमार सक्सेना, आलोक शर्मा, पंकज सोलंकी, बसंत यादव आदि प्रमुख थे।