फिल्मी गीतों पर जहां कुछ लोगों के जमकर कदम थिरके, वहीं कुछ ने गायकी के जादू से सभी के दिल में जगह बना ली। उपस्थित लोग तालियां बजाकर उनकी हौसला आफजाई करते दिखे। मौका था विदा हो रहे वर्ष 2014 और नए साल के स्वागत के लिए नृत्य व गायन प्रतियोगिता का। इस कार्यक्रम में पांच साल की बच्ची से 25 साल की युवती तक ने भाग लिया। महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं।
खादी ग्रामोद्योग सेवा संस्थान व महिला प्रशिक्षण केंद्र द्वारा मंगलवार को रेलवे रोड स्थित अतिथि निवास में यह प्रतियोगिता आयोजित की गई। नगरपालिका अध्यक्ष राकेश गांधी ने प्रतियोगिता का श्रीगणेश किया। इसके बाद शुरू हुआ नृत्य व गीतों का सिलसिला। इन कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों ने जमकर धमाल मचाया। किसी ने फिल्मी गाने पर एकल नृत्य किया तो किसी ने सामूहिक रूप से प्रस्तुति दी। सांई के भजन पर जब बच्चियों ने सामूहिक नृत्य पेश किया तो कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस दौरान राधाकृष्ण की झांकी भी प्रस्तुत की गई। नृत्य प्रतियोगिता में 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
गायन प्रतियोगिता में भी भाग लेने वाली प्रतिभागियों ने नए-पुराने गीत सुनाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंशिका जैन ने ‘जाने क्यों लोग मोहब्बत किया करते हैं...’ गीत सुनाया। इसके अलावा बुलबुल, राखी, नेहा, शिवानी आदि ने भी गीत गाए। संयोजक गौरव यादव ने संस्थान के कार्यों पर प्रकाश डाला।
इस दौरान संस्थान द्वारा एक माह में आयोजित नि:शुल्क सिलाई प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने वाली महिलाओं व युवतियों को प्रमाण पत्र बांटे गए। प्रथम स्थान पर शिखा सक्सेना, द्वितीय नेहा यादव व तृतीय स्थान पर वंदना रहीं। नृत्य व गायन का कार्यक्रम शाम तक जारी रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधान शीला सिंह ने की। संचालन रंगकर्मी जावेद मासूम ने किया।
निर्णायक मंडल में अनीस खान, प्रेम राणा व कविता शर्मा थीं। अध्यक्ष अनीता यादव, प्रबंधक पम्मी सिंह व सह संयोजक प्रवेश यादव ने सभी को धन्यवाद दिया। इस मौके पर एमएसएमई आगरा के सुशील यादव, सरला यादव, निगहत परवीन, धर्मवीर सिंह, नसीम बानो, टिल्लू अग्रवाल सभासद, प्रदीप गुप्ता, मुकद्दर हुसैन, मेधाव्रत शास्त्री, नेहा यादव आदि मौजूद थे।