एटा। पुलिस महानिरीक्षक अलीगढ़ परिक्षेत्र शलभ माथुर ने मुहर्रम, सावन मास, कांवड़ यात्रा और आगामी त्योहार रक्षाबंधन आदि को सकुशल संपन्न कराने के लिए दिशा निर्देश जारी किए हैं। मंगलवार को जिला मुख्यालय पर पहुंचे आईजी ने सभी राजपत्रित अधिकारियों थाना प्रभारियों को सभी वर्ग के धर्मगुरुओं के साथ पीस कमेटी की बैठक कर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अराजकतत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
आईजी ने सभी सीओ और थाना प्रभारियों को आगामी पर्वों की संवेदनशीलता को देखते हुए छोटी से छोटी घटनाओं को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए गए। सभी थाना क्षेत्रों में पुलिसकर्मी बाइक व थाना मोबाइल के साथ ड्यूटी लगाकर लगातार भ्रमणशील रहें। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी अनिवार्य रूप से अपने साथ बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट व डंडा और दंगा नियंत्रण उपकरण रखें। वहीं डायल- 112 पर प्राप्त सूचनाओं को पीआरवी वाहनों जल्द से जल्द मौके पर पहुंचकर समय से निस्तारित किया जाए। सभी पुलिस वाहनों पर लाउड हेलर व पब्लिक एड्रेस सिस्टम को सक्रिय करें और त्योहारों को शांति व सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने के लिए आमजन से अपील करें।
सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर रखी जाए निगरानी
पुलिस महानिरीक्षक अलीगढ़ ने कहा कि सोशल मीडिया टीम के सदस्य सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कड़ी नजर रखें। किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट प्राप्त होने पर उच्चाधिकारियों के संज्ञान में देते हुए तत्काल प्रभाव से उसका खंडन किया जाए। इसके साथ ही भ्रामक व गलत संदेश या सूचना को किसी भी प्लेटफार्म पर प्रसारित करने वाले के खिलाफ त्वरित व कठोर कार्रवाई की जाए। एसएसपी श्याम नारायण सिंह, एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा, एएसपी क्राइम योगेंद्र सिंह सहित जिले के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।