एटा। नगला प्रेमी में हुई चार लोगों की हत्या के मामले में एसआईटी की टीम तेजी से विवेचना कर रही है। मृतक गंगा सिंह के दामाद बालिस्टर सिंह ने बताया कि सीओ ने सोमवार को भी घटना स्थल पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया।
शहर के शिकोहाबाद मार्ग स्थित नगला प्रेमी हत्याकांड में लगातार विवेचना जारी है। इसके लिए गठित की गई टीम की प्रभारी सीओ सकीट कीर्तिका सिंह ने सोमवार को भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। 19 जनवरी को यहां चार लोगों की हत्या कर दी गई थी।
इसमें मकान मालिक गंगा सिंह, उनकी पत्नी श्यामा देवी, पुत्रवधू रत्ना देवी और नातिन ज्योति को ईंट से कूचकर मौत के घाट उतार दिया गया था। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व अन्य जांच के आधार पर गंगा सिंह के बेटे कमल सिंह को आरोपी पाया था। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इसके बाद जांच के लिए गठित की गई एसआईटी की टीम लगातार मामले की विवेचना कर रही है। कमल सिंह का बेटा और बेटी अपने फूफा बालिस्टर सिंह के पास रह रहे हैं। बालिस्टर सिंह ने बताया कि सोमवार को टीम घर पर पहुंची और हम लोगों को बुलाकर मकान का ताला खोला। घटना स्थल से कुछ फोटो खींचे और अन्य साक्ष्य एकत्रित करने के बाद फिर से ताला लगा दिया। जब हमने पूछा कि इसी मकान में शांति पाठ करना चाहते हैं तो सीओ ने लगभग पांच दिन तक मकान बंद रखने की बात कही। संवाद