एटा। कलक्ट्रेट स्थित एनआईसी पर सोमवार को अभ्युदय कोचिंग का लाइव प्रसारण छात्राओं को दिखाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभ्युदय योजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि प्रथम चरण में एक करोड़ छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए चिह्नित किया जाए। वहीं शहर में एएसडीएम और सीओ द्वारा मिशन शक्ति के तहत रानी लक्ष्मीबाई इंटर कॉलेज में पाठशाला लगाई गई।
एनआईसी में आयोजित लाइव प्रसारण कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मेधावी छात्र-छात्राओं को विषय विशेषज्ञ द्वारा कक्षाओं और ऑनलाइन अध्ययन कराया जाएगा। इसमें प्रतियोगी परीक्षाओं के साथ मेडिकल-इंजीनियरिंग की तैयारी भी कराई जाएगी।
इससे पूर्व अलीगढ़ में डीएम एटा डॉ. विभा चहल आदि ने दीप प्रज्ज्वलित कर और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को सिर्फ मेहनत का रास्ता चुनना होगा। उनके पास संसाधनों की कमी हो सकती है, लेकिन उन्हें अपनी कमजोरियों पर विजय प्राप्त करके दृढ़ निश्चय के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करनी होगी।
इधर, रानी लक्ष्मीबाई इंटर कॉलेज में आयोजित प्रशासन की पाठशाला में एएसडीएम अलंकार अग्निहोत्री और सीओ सिटी राजकुमार सिंह ने छात्राओं से उनके कैरियर के बारे में जानकारी ली और उन्हें आवश्यक सुझाव दिए।
योजना के तहत विद्यार्थियों की दी जाएगी नि:शुल्क कोचिंग
एटा। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे सिविल सेवा परीक्षा, पीसीएस, जेईई, सीडीएस आदि की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को नि:शुल्क कोचिंग की व्यवस्था होगी।
इसके लिए डीआईओएस मिथिलेश कुमार ने जिले के समस्त राजकीय, सहायता प्राप्त, वित्तविहीन, माध्यमिक, सीबीएसई, आईसीएसई, डिग्री कॉलेज, डीएलएड शिक्षण संस्थान के प्राचार्य और प्रधानाचार्य को निर्देश दिए कि विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का अधिक से अधिक पंजीकरण कराएं। संवाद