डॉ. राममनोहर लोहिया समग्र ग्राम विकास योजना के तहत लोहिया गांवों में बनने वाले आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना बजट के अभाव में नहीं हो पा रही है। शासन ने 2014-15 के चयनित 24 लोहिया गांवों में आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना के लिए हाल ही में बजट स्वीकृति किया है, लेकिन वर्ष 2012-13 के शेष 11 लोहिया गांव व 2013-14 के 24 लोहिया गांवों को दूसरी किस्त अभी तक जारी नहीं की है। इसके चलते यह आंगनबाड़ी केंद्र आज भी अधूरे बने पड़े हैं। हालात यह है कि तीन साल में 66 आंगनबाड़ी केंद्रों के सापेक्ष अब तक सात आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण हुआ है, जबकि विभाग द्वारा शासन को शेष धनराशि के लिए कई माह पूर्व मांग पत्र भेज दिया गया है।
बता दें कि इस योजनांतर्गत वर्ष 2012-13 में चयनित 18 लोहिया गांवों के सापेक्ष सात गांवों में आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए विभाग को धनराशि प्राप्त हुई थी। इससे विभाग ने पूरा करा दिया है। वहीं, इसी वर्ष के शेष 11 गांवों के लिए 28.93 लाख रुपये और वर्ष 2013-14 के चयनित 24 लोहिया गांवों के लिए शासन ने विभाग को 63.12 लाख की धनराशि प्रथम किस्त के रूप में दी थी। विभाग ने खंड विकास अधिकारी को कार्यदायी संस्था बनाकर प्रथम किस्त का कार्य पूरा करा दिया है। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा द्वितीय किश्त का मांगपत्र विभाग को प्रेषित किया जा चुका है।
विभाग के अनुसार हाल ही में शासन से चालू वित्तीय वर्ष के 24 लोहिया गांवों में आंगनबाड़ी केंद्र की स्थापना के लिए एक करोड़ 26 लाख 24 हजार की धनराशि प्राप्त हुई है, जिन्हें दो दिन पूर्व ही विभाग द्वारा विकास खंड अधिकारियों को दिया गया है।
अब तक इन गांवों में बने आंगनबाड़ी केंद्र
ककराली, दत्तपुर कुंजपुर, काजीपुर बदनपुर, बरई, बढ़ावली, लाड़मपुर कटारा, गैसिंहपुर
चालू वित्तीय वर्ष के चयनित 24 लोहिया गांवों में आंगनबाड़ी केंद्र की स्थापना के लिए विभाग को धनराशि प्राप्त हो चुकी है। पूर्व की बकाया राशि के लिए शासन को मांग पत्र भेजा जा चुका है।
- बीना सोलंकी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार।