एटा। कन्नौज में सड़क हादसे में घायल हुए एटा निवासी 25 वर्षीय भागवत कथावाचक दीपक शास्त्री की जयपुर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। रविवार सुबह छह बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
मौत की सूचना मिलते ही परिजन शव लेकर एटा पहुंचे और जैथरा पुलिस को मामले की जानकारी दी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। दीपक शास्त्री जैथरा थाना क्षेत्र के नगला मोहन गांव निवासी सुरेश के बेटे थे। 19 नवंबर को वह बाइक से कानपुर में आयोजित भागवत कथा के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
इसी दौरान कन्नौज में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए आगरा लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जयपुर के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया था। परिजन जयपुर में उनका उपचार करा रहे थे लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
दीपक के भाई तेजवीर ने बताया कि उनका भाई भागवत कथा के कार्यक्रम में शामिल होने कानपुर जा रहा था। हादसे के बाद से ही उसका उपचार चल रहा था। रविवार को मौत के बाद परिजन शव लेकर पोस्टमार्टम पहुंचे।
सीओ अलीगंज राजेश सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में एक कथावाचक की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजन की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया है।