एटा के थाना जलेसर के गांव बढ़ावली में एक युवती ने फंदे से लटककर जान दे दी। पिता के अनुसार शनिवार की सुबह युवती भाई का फोन लेकर चलाने लगी, मना किया तो कमरे में जाकर दुपट्टे से फंदा लगाकर लटक गई। जब तक उसको नीचे उतारा, उसकी मौत हो चुकी थी।
गांव बढ़ावली निवासी संतोष कुमार ने बताया कि बेटी प्रतीक्षा (19) शनिवार की सुबह सोकर उठी और बेटे का मोबाइल चलाने लगी। यह देखकर बेटे ने उसको डांट लगाते हुए मोबाइल छीन लिया। इसके बाद सब लोग अपने काम में लग गए और प्रतीक्षा कमरे के अंदर चली गई। काफी देर तक बाहर नहीं निकली तो हम लोगों को कुछ शंका हुई। जिसके चलते जाकर देखा तो कमरे का दरवाजा बंद था। प्रतीक्षा को आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं मिला।
बताया कि दरवाजा खोलकर देखा तो बेटी फंदे से लटक रही थी। यह देखकर चीख निकल गई। जिसे सुनकर घर व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बेटी को फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। बेटी पिछले साल 12वीं कक्षा में फेल हो गई थी और घर पर ही रहती थी।
बार-बार बयान बदल रहे परिजन
युवती की मौत को मामले में परिजन बार-बार बयान बदल रहे हैं। जिसके चलते पुलिस भी सही तरीके से जांच-पड़ताल नहीं कर पा रही है। बताया जा रहा है कि युवती कहीं और शादी करना चाहती थी, मगर परिजन किसी अन्य व्यक्ति के साथ रिश्ता करने की बात कह रहे थे। इसी बात से नाराज होकर युवती की कई दिन से परिजन के साथ कहासुनी भी हुई थी। सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घर में शादी की बात के चलते युवती का विवाद हुआ था। जिसके बाद नाराज होकर उसने जान दे दी।