हमला करने वाले 7 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, महिला से छेड़छाड़
संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। थाना जलेसर क्षेत्र के गांव जैनपुरा में श्रीमद्भागवत कथा के भंडारे में दावत खाने को लेकर झगड़ा हो गया। इसमें एक पक्ष ने लाठी डंडा और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। जबकि इसी थाना क्षेत्र में एक महिला ने भंडारे में छेड़छाड़ करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव जैनपुर निवासी नरसी ने हमलाकर मारपीट करने की रिपोर्ट गांव के ही मुन्नी लाल, सतीश, अमन, साहिल आदि के खिलाफ दर्ज कराई। आरोप है कि गांव में चंदे से भागवत हुई थी। 5 जून को भंडारा हो रहा था। इसमें वह दावत खाने गया तो मुन्नीलाल ने खाना खिलाने से मना कर दिया। इसका विरोध किया तो उसने अपने पुत्रों व अन्य को बुलाकर लाठी-डंडा, सरिया और कुल्हाड़ी से हमला कर घायल कर दिया।
वहीं थाना जलेसर में ही एक महिला ने सर्वेंद्र कुमार निवासी गांव रेजुआ के खिलाफ भागवत में छेड़छाड़ करने की रिपोर्ट लिखाई है। इसमें कहा कि वह थाना सकरौली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। गांव इंदलगढ में रिश्तेदार है, यहां पर होने वाली भागवत के भंडारे में शामिल होने के लिए पति के साथ गई थी। तभी सर्वेंद्र कुमार ने भंडारे में शाम करीब 7.30 बजे छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने पिटाई कर दी, इसकी वजह से कुंडल और चैन गिर गई। थाना प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि दोनों मामले दर्ज कर लिए हैं और जांच कराई जा रही है।