एटा। 59 घंटे का कोरोना कर्फ्यू शुक्रवार रात 8 बजे से लागू हो गया। सोमवार सुबह 7 बजे तक लोगों के बेवजह बाहर निकलने पर बंदिश लगाई गई है। शनिवार सुबह से ही पुलिस की टीमें और अधिकारियों की गाड़ियां कर्फ्यू का पालन कराने के लिए दौड़ने लगीं। असर भी देखने को मिला, सड़कों पर सन्नाटा रहा। लोग घरों में रहकर संक्रमण से बचे रहने और इसके खात्मे की दुआ कर रहे थे।
यूं तो कर्फ्यू की शुरूआत शुक्रवार रात 8 बजे से होते ही पुलिस ने लोगों को बाजारों-सड़कों से हटाना शुरू कर दिया। जबकि शनिवार सुबह 8 बजते ही इस कार्य में और तेजी आई। लाइडस्पीकर के माध्यम से घोषणा कर लोगों को घरों के अंदर ही रहने की हिदायत दी गई। हर समय भीड़ के बोझ से दबे रहने वाले शहर के मुख्य बाजार घंटाघर, बाबूगंज, गांधी मार्केट, सुभाष मूर्ति रोड पर भी सन्नाटा पसरा था। केवल मेडिकल स्टोर और चिकित्सकों के क्लीनिक व अस्पताल खुले थे। कहीं-कहीं सब्जी-फल के ठेल दिखे। कई घरों में हॉकर दूध लेकर नहीं पहुंचे, जिसके चलते लोगों को परेशानी हुई।
-----------
जिले भर में चला सैनिटाइजेशन
कर्फ्यू के दौरान दफ्तर-बाजार बंद थे। ऐसे में सैनिटाइजेशन का कार्य वृहद स्तर पर कराया गया। शहर में डीएम डॉ. विभा चहल के निर्देश पर अग्निशमन विभाग और नगर पालिका ने अरुणा नगर, डाकघर सहित सभी सरकारी कार्यालय, सरकारी और निजी अस्पतालों में सैनिटाइजेशन कराया।
--------
बहुत जरूरी हो तभी बाहर निकलें
अलीगंज। एसडीएम राजीव पांडेय तथा पालिकाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने कोरोना से बचाव के लिए पूरे नगर को सैनिटाइज कराया। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि वैश्विक महामारी से बचने के लिए लोग बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। कर्मचारियों की ड्यूटी बढ़ाकर सफाई कराई जा रही है। उधर, कोरोना कर्फ्यू के दौरान भी तमाम लोग सड़कों पर आवागमन करते रहे। संवाद
---------------
जागरूक बनें और बचाव रखें लोग
राजा का रामपुर। नगर पंचायत अध्यक्ष महावीर सिंह राठौर के निर्देशन में दो पालियों में अभियान चलाकर पूरे नगर में सैनिटाइजेशन किया गया। शाम को मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग भी कराई गई। यरमैन श्री राठौर ने लोगों से मास्क लगाने, सैनिटाइजर का प्रयोग करने और बेवजह घर से न निकलने की अपील की। संवाद
कोरोना कर्फ्यू: अग्निशमन कर्मचारी सैनिटाइजेशन करता हुआ। संवाद- फोटो : ETAH
कोरोना कर्फ्यू: शहर के घंटाघर बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ। संवाद- फोटो : ETAH