डीएवी इंटर कॉलेज अलीगंज में निरीक्षण करते जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह। स्रोत डीआईओ
एटा। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की विज्ञान व रसायन विज्ञान परीक्षा में बुधवार को एक सॉल्वर और एक नकलची पकड़ा गया। दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई है। पहली पाली में सेक्टर मजिस्ट्रेट ने एक सॉल्वर को पकड़ लिया। वह दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। वहीं दूसरी पाली में सचल दल ने एक छात्र को नकल करते हुए पकड़ा।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के लिए प्रशासन ने बुधवार को 17 विशेष अतिरिक्त मजिस्ट्रेट तैनात किए। उसके बाद भी नकल करने वाले और सॉल्वर को उनका कोई भय नहीं था। बुधवार को सुबह की पहली पाली में हाईस्कूल की विज्ञान की परीक्षा आयोजित की गई।
परीक्षा के दौरान कासगंज रोड स्थित बदरिया में श्री रामस्वरूप इंटर कॉलेज में एक सॉल्वर दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। सेक्टर मजिस्ट्रेट नीरज वार्ष्णेय अपनी टीम के साथ इस केंद्र पर पहुंचे। वह कमरा नंबर 7 में गए। यहां पर उन्हें एक विद्यार्थी पर शक हुआ। उन्होंने उससे पूछताछ की तो वह घबरा गया। पूछताछ में पता चला कि वह दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। सॉल्वर मारहरा क्षेत्र का रहने वाला है।
वहीं दूसरी पाली में इंटरमीडिएट का रसायन विज्ञान का पेपर आयोजित किया। श्री रामस्वरूप इंटर कॉलेज में सचल दल ने निरीक्षण किया। इस दौरान एक परीक्षार्थी अनुचित साधनों के साथ नकल करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पकड़े गए दोनों आरोपी के विरुद्ध नकल विरोधी अधिनियम वर्ष 2025 के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है। गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार को अंग्रेजी विषय के पेपर में मलावन स्थित आरकेएस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सेक्टर मजिस्ट्रेट नीरज वार्ष्णेय ने दो सॉल्वर को पकड़ा था। दोनों सॉल्वर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।