अलीगंज। थाना अलीगंज क्षेत्र के ग्राम सुमोर स्थित देसी शराब की दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने आंशिक खुलासा कर दिया है। क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह ने बताया कि अलीगंज पुलिस टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 20 पेटी देसी शराब, एक तमंचा और तीन कारतूस के साथ एक कार बरामद की है।
गौरतलब है कि ग्राम सुमोर में संचालित देसी शराब की दुकान की छत काटकर चोरों ने करीब 60 पेटी देसी शराब, दो पेटी बीयर, 2800 रुपये नकद और सीसीटीवी डीवीआर चोरी कर लिया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अखिलेश पुत्र रामवीर (35) निवासी ग्राम नगला चोखे थाना जैथरा का रहने वाला है। उसे गढ़िया भरापुरा रोड अलीगंज क्षेत्र से सोमवार सुबह करीब 9:00 बजे गिरफ्तार किया है। वहीं तीन अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।