एटा। ईद और रविवार को सार्वजनिक अवकाश के बाद सोमवार को मेडिकल कॉलेज में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। विभिन्न ओपीडी में मरीजों की लंबी कतार लगी रही। वहीं त्वचा रोग विभाग में लंबी लाइन लगी रही। इस दौरान सोमवार को 350 से अधिक मरीजों ने त्वचा से संबंधित बीमारी का उपचार लिया।
मेडिकल कॉलेज के त्वचा रोग विभाग में सुबह 9 बजे से ही मरीजों की लाइन लगना शुरू हो गई। दोपहर 12 बजे तक लाइन में 50 से अधिक मरीज उपचार के लिए लगे हुए थे। मरीजों की भीड़ अधिक होने से दोपहर 2 बजे के बाद कुछ मरीज उपचार से वंचित रह गए। उन्हें मंगलवार को आने के लिए कहा गया। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय ने बताया कि मौसम बदलने की वजह से सबसे अधिक फंगल इंफेक्शन के मरीज उपचार कराने के लिए पहुंचे हैं।
वहीं सोरायसिस, लेप्रोसी, खाज, खुजली के साथ कुष्ठ रोग के मरीजों ने उपचार लिया। इसके साथ ही कुछ मरीज बाल झड़ने की समस्या को लेकर भी उपचार लेने के लिए पहुंचे। इसके साथ ही धूप से एलर्जी वाले मरीजों ने भी उपचार लिया। उन्होंने बताया कि मौसम बदलने के साथ जैसे ही धूप तेज होगी। वैसे ही मरीजों की संख्या बढ़ती ही जाएगी। सबसे अधिक धूप से एलर्जी वाले मरीजों की संख्या अधिक होगी। उन्होंने मरीजों को सलाह देते हुए बताया कि धूप में निकलने से पहले सनस्क्रीन लोशन का इस्तेमाल करें।